धर्मशाला में तंबाकू के खिलाफ कार्रवाई, विशेष प्रवर्तन अभियान में 5 चालान

Spread the love

धर्मशाला, 11 अगस्त । तंबाकू सेवन पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण फ्लाइंग स्क्वाड ने स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ऑन एडिक्शन के सहयोग से धर्मशाला के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोप्टा) तथा हिमाचल प्रदेश लूज सिगरेट रिटेल रेगुलेशन एक्ट, 2016 के उल्लंघन पर 5 व्यक्तियों के चालान किए गए।

अभियान के दौरान बडोल, दाड़ी और धर्मशाला में सार्वजनिक स्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास सघन निरीक्षण किया गया। जांच में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक संबंधी अनिवार्य सूचना-पट्ट प्रदर्शित न करना तथा खुली सिगरेट की बिक्री जैसी अनियमितताएं सामने आईं। विभिन्न शिक्षण संस्थानों का भी निरीक्षण कर उन्हें तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अभियान का नेतृत्व जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुराधा ने किया। अभियान में जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधी, ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तंबाकू नियंत्रण कानूनों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेंगे। साथ ही दुकानदारों, शिक्षण संस्थानों, सामुदायिक संगठनों और आम नागरिकों से तंबाकू-मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया गया।