धर्मशाला, 21 अगस्त । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जुलाई 2026 में आयोजित कक्षा 12वीं की अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुए 59.07 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने नतीजे जारी करते हुए सभी सफल परीक्षार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस अनुपूरक परीक्षा में कुल 3,271 परीक्षार्थी बैठे थे। इनमें से 1,931 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, जबकि 1,123 परीक्षार्थी कंपार्टमेंट श्रेणी में रखे गए हैं। केवल 2 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हुए हैं। यह परीक्षा मुख्य रूप से उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी जो कंपार्टमेंट, प्रदर्शन सुधार, अतिरिक्त विषय या डिप्लोमा धारक श्रेणी में आते हैं।
वेबसाइट और डिजिलॉकर पर रिजल्ट उपलब्ध
विद्यार्थी अपना विस्तृत परीक्षा परिणाम हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उनके प्रमाणपत्रों की प्रतियां ‘डिजिलॉकर’ पर भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि वे आसानी से अपने दस्तावेज सुरक्षित रख सकें।
पुनर्मूल्यांकन का भी दिया गया मौका
बोर्ड ने उन विद्यार्थियों को भी राहत दी है जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे परीक्षार्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन या पुनः जांच के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1,000 प्रति विषय जबकि
पुनः जांच शुल्क 800 प्रति विषय है। जिसके लिए अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 रखी गई है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ये आवेदन केवल संबंधित विद्यालय के माध्यम से ऑनलाइन प्रणाली द्वारा ही स्वीकार किए जाएंगे। बिना निर्धारित शुल्क के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।