अनूपपुर, 27 अक्टूबर । मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त नवाचार ‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम’ के अंतर्गत मंगलवार को तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी अनूपपुर सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे एवं सूबेदार अम्बरीष साहू ने किया।
नशे से दूर रहकर समाज के विकास में योगदान देने की अपील
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग की पहल, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात जागरूकता और डायल 112 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम ने छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में भी जानकारी देते हुए सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा डायल 112 की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन कर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आपात स्थिति में इस सेवा का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है। विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ सवाल पूछकर डायल 112 की कार्यप्रणाली को समझा।
सूबेदार अम्बरीष साहू ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनका पालन करने की शपथ दिलाई। साथ ही सड़क दुर्घटना के समय गोल्डन आवर के महत्व और घायलों की सहायता के लिए संचालित राहवीर योजना के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम के आगामी चरण में विद्यार्थियों को कोतवाली थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष, पुलिस लाइन एवं दिशा लर्निंग सेंटर का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न इकाइयों की जिम्मेदारियों को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में एसडीओपी पुष्पराजगढ़ दीपक मरावी, रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे, सूबेदार अम्बरीष साहू, सृजन जिला समन्वयक सुशील शर्मा तथा तुलसी महाविद्यालय से डॉ. नीरज श्रीवास्तव, डॉ. जे.के. संत, विनोद कोल, पूनम ढांडे, तरन्नुम सरबत एवं सुधा साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।