लखनऊ, 17 अप्रैल । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी काे गिरगिट की तरह रंग बदलने वाला बताया।
बसपा प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश की एससी, एसटी और ओबीसी समाज के संवैधानिक व क़ानूनी अधिकारों आदि के मामले में कांग्रेस भी गिरगिट की तरह अपना रंग बदलने वाली पार्टी है। कांग्रेस महिला आरक्षण में, जो अब इन वर्गों की बात कर रही है तो यही कांग्रेस पार्टी है जिसने अपनी केन्द्र की सरकार के रहते हुए किसी भी क्षेत्र में इनके आरक्षण के कोटे को पूरा कराने की कभी पहल नहीं की है। न ही ओबीसी समाज के लिए मण्डल कमीशन की रिपोर्ट के हिसाब से उन्हें सरकारी नौकरी व शिक्षा के क्षेत्र में 27 प्रतिशत आरक्षण को भी लागू किया। जिसे बाद में बसपा के अथक प्रयासों से पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह की सरकार में अंततः लागू किया गया था, जो सर्वविदित है।
इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में पिछड़े मुस्लिमों को ओबीसी का लाभ देने के लिए, पिछड़ा वर्ग आयोग की जुलाई 1994 में ही आई रिपोर्ट को भी सपा सरकार ने ठण्डे बस्ते में डालकर इसे लागू नहीं किया था, जिसे फिर यहां बसपा की 3 जून सन 1995 में पहली बनी सरकार ने इसे तुरन्त लागू किया, जो कि अब यही सपा अपना रंग बदलकर अपने राजनैतिक स्वार्थ में इनकी महिलाओं को अलग से आरक्षण देने की बात कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार अन्य मामलों की तरह इस मामले में भी सपा जब सरकार में नहीं है तो अलग रवैया अपना रही है, किन्तु जब सरकार में होती है तो अलग संकीर्ण जातिवादी व तिरस्कारी रवैया अपनाती है। उन्होंने कहा कि इन सभी वर्गों को ऐसी सभी छलावा एवं दोहरे चरित्र वाली पार्टियों से हमेशा सावधान रहना होगा, तभी कुछ बेहतर संभव हो पायेगा।