एमसीडी ने सभी 12 जोनों में शुरू किया ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान, 400 नई जीरो वेस्ट कॉलोनियां बनाने का लक्ष्य

Spread the love

नई दिल्ली, 17 सितंबर । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने गुरुवार को सभी 12 जोनों में महीने भर चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित होने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करना, स्रोत पर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देना, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और नागरिक भागीदारी को गति देना है। अभियान के तहत 400 से अधिक अतिरिक्त कॉलोनियों को जीरो वेस्ट कॉलोनी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 800 से अधिक कॉलोनियां पहले ही यह दर्जा हासिल कर चुकी हैं।

अभियान के पहले दिन विभिन्न जोनों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सेंट्रल जोन के करमपुरा वार्ड में सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। पूर्वी जोन के आजाद नगर स्थित मलेरिया कार्यालय में स्वच्छता गतिविधियां चलाई गईं और हेडगेवार अस्पताल में कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। वहीं, ओखला डंपसाइट पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों को बायोमाइनिंग तथा बायोरेमेडिएशन कार्यों की प्रगति से अवगत कराया गया। इसके अलावा, पश्चिमी जोन में जनभागीदारी और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वार्ड समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई।

माह भर चलने वाले इस अभियान के दौरान एमसीडी ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित करेगी। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, झुग्गी बस्तियों, अस्पतालों, पार्कों, डीएमआरसी स्टेशनों, बस अड्डों और रेलवे पटरियों के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही चिन्हित क्लीनलिनेस टारगेट यूनिट्स (सीटीयू) के कायाकल्प, चार-तरफा कचरा पृथक्करण, होम कम्पोस्टिंग और प्लास्टिक-मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा दिया जाएगा तथा खुले में कचरा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

एमसीडी कचरा बीनने वालों को औपचारिक कचरा संग्रहण प्रणाली से जोड़ने, होटल, ढाबों व खान-पान प्रतिष्ठानों को स्वच्छता मुहिम में शामिल करने और सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव को बेहतर करने पर काम कर रही है। ओखला, भलस्वा और गाजीपुर लैंडफिल साइटों पर बायोमाइनिंग से खाली कराई गई जमीन पर उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘स्वच्छता ही सेवा – सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ वार्ड पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सूखे एवं गीले कचरे का अलग-अलग निस्तारण कर दिल्ली को स्वच्छ बनाने में सहयोग दें।

———–