सांसद ने लिया कटावरोधी कार्यों का जायजा

Spread the love

भागलपुर, 28 मई । भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय कुमार मंडल ने गुरुवार को बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल भागलपुर अंतर्गत सबौर प्रखंड के ममलखा पंचायत स्थित चायचक से ममलखा तक चल रहे बाढ़ कटावरोधी कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। यह महत्वपूर्ण कार्य लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने कटावरोधी कार्यों का गहनता एवं बारीकी से अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।

सांसद ने स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की बाढ़ एवं कटाव संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे। साथ ही ममलखा पंचायत के मुखिया अभिषेक अर्णव, समाजसेवी दिलीप नेता, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार मंडल, पूर्व उपमुखिया प्रफुल प्रताप यादव, सरपंच शंकर मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।