सरकारी तालाब की खुदाई को लेकर बवाल

Spread the love

भागलपुर, 28 मई । जिले के कहलगांव प्रखंड के शिव पंचायत स्थित बेनी गांव में सरकारी तालाब की खुदाई को लेकर हुए विवाद के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि गांव के खाता संख्या 222, खेसरा संख्या 497, रकबा 98 डिसमिल सरकारी जमीन पर तालाब की खुदाई को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रशासन की ओर से तालाब खुदाई की प्रक्रिया शुरू कराई गई थी। जिसका कुछ ग्रामीण विरोध कर रहे थे।

ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की जगह विद्यालय होने से बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2018 में यहां यज्ञ का आयोजन हुआ था और तब से इस जमीन का उपयोग खेल मैदान और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए किया जाता रहा है।

वहीं प्रशासन का कहना है कि यह बिहार सरकार की अतिक्रमित जमीन है और इसे अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। घटना के बाद कई लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।