नरसिंहपुर: नर्मदा के उफान में रेतघाट पुल जलमग्न, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

Spread the love

नरसिंहपुर, 21 अगस्त । मध्य प्रदेश के विंध्य अंचल में हो रही मूसलाधार बारिश और जबलपुर क्षेत्र में लगातार वर्षा के चलते नरसिंहपुर जिले में शुक्रवार को नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बरगी बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण नदी में उफान की स्थिति बन गई है। नर्मदा का जलस्तर बढ़ने से निचले पुल जलमग्न हो गए हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है।

जानकारी के लिए बता दें कि इस समय मध्य प्रदेश के विंध्य अंचल में हो रही मूसलाधार बारिश से कई नदी -नाले उफान पर हैं। जबकि मंडला, बालाघाट, डिंडोरी में लगातार हो रही बारिश के चलते जबलपुर के बरगी बांध का जलस्तर बढ़ गया है। इसे नियंत्रित करने के लिए बांध के 13 गेट खोल दिए गए हैं। इन गेटों को औसतन 2.15 मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है, जिनसे 3,988 क्यूमेक पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। इनमें 5 गेट 3 मीटर, 4 गेट 2 मीटर, 2 गेट 1.5 मीटर और 2 गेट 1 मीटर की ऊंचाई तक खुले हैं। यही वजह है कि अब नर्मदा के निचले बाढ़ का खतरा मडराने लगा है।

बरमान के रेतघाट स्थित पुल के जलमग्न होने के बीच लोगों की लापरवाही का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग उफनती नर्मदा के बीच पुल पर खड़े होकर पानी के तेज बहाव में बहकर आ रही लकड़ियों को पकड़ने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। नदी में तेज बहाव के बीच इस तरह की गतिविधि से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

घाटों और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील

नर्मदा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने लोगों से नदी के घाटों, पुल-पुलियों और निचले इलाकों में नहीं जाने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा है।

प्रशासन की ओर से तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी लगातार सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है। वहीं, नदी किनारे स्थित दुकानदारों को मुनादी के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नर्मदा के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।