नेपाली क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए बीसीसीआई की हरी झंडी, भारत ए टीम का होगा नेपाल दौरा

Spread the love

काठमांडू, 11 जुलाई । नेपाली क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए भारत की भारतीय क्रिकेट नियन्त्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपनी ए टीम को नेपाल भेजने और नेपाल की राष्ट्रीय टीम के साथ मैच खेलने की अनुमति दी है।

हाल ही में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल की भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान नेपाली क्रिकेट के प्रोत्साहन के लिए भारत के तरफ से हरसंभव मदद की बात कही गई थी। इसी वार्ता के बाद नेपाल और भारत की ए टीम के बीच क्रिकेट मैच तय किया गया है।

नेपाल क्रिकेट संघ के आयोजन में कीर्तिपुर स्थित टीयू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में नेपाल और भारत ‘ए’ के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी।

नेपाल के तरफ से इस ऐतिहासिक सीरीज की आधिकारिक जानकारी दी गई है। इसके अनुसार, यह सीरीज दिसंबर 2026 में आयोजित होगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक पहला मैच 9 दिसंबर, दूसरा मैच 11 दिसंबर और तीसरा व अंतिम मैच 13 दिसंबर 2026 को खेला जाएगा।

इस सीरीज के आयोजन का निर्णय स्कॉटलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सम्मेलन के दौरान लिया गया। इस अवसर पर नेपाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष चतुर बहादुर चन्द, सचिव पारस खड़का तथा भारतीय क्रिकेट नियन्त्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया के बीच विशेष बैठक हुई।

इसी बैठक में नेपाल और भारत ‘ए’ के बीच टी-20 सीरीज आयोजित करने पर अंतिम सहमति बनी।