कमरे में संदिग्ध हालात में मिले नवदंपति के शव,तीन माह पहले हुई थी शादी

Spread the love

जौनपुर, 03 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के तिसौली गांव में गुरुवार सुबह एक नवदंपति के शव कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी।जानकारी के अनुसार, बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों कमरे में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। गुरुवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। आवाज देने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।कमरे में पत्नी का शव बिस्तर पर मिला, जबकि पति का शव पंखे से लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।