शिमला, 26 अप्रैल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सात दिवसीय हिमाचल प्रवास की शुरुआत सोमवार यानी 27 अप्रैल से हो रही है। इसे लेकर राजधानी शिमला में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला पुलिस ने साफ किया है कि दौरे को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के साथ मिलकर पूरी तैयारी कर ली गई है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार शहर में एक हजार से अधिक पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पूरे शिमला शहर को बेहतर प्रबंधन के लिए तीन अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि एंटी-सैबोटाज जांच, प्रवेश नियंत्रण, रूट सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
एसएसपी ने कहा कि आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोई स्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। हालांकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है और कुछ मार्गों पर अस्थायी बदलाव किए जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यात्रा पहले से योजना बनाकर करें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने यह भी बताया कि एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में देरी न हो। साथ ही होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को अपने आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं। किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
एसएसपी गौरव सिंह ने आम लोगों से अनुरोध किया है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी सामान बिना देखरेख के न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने मार्गों के किनारे स्थित दुकानदारों और विक्रेताओं से भी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है।
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। उनका मुख्य प्रवास शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में रहेगा। तय कार्यक्रम के अनुसार वह 27 अप्रैल को नई दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगी और वहां से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर के जरिए मशोबरा आएंगी। इसके बाद वह सड़क मार्ग से राष्ट्रपति निवास जाएंगी।
28 अप्रैल को राष्ट्रपति निवास में उनके कुछ उद्घाटन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जबकि 29 अप्रैल को वह लाहौल-स्पीति में स्थित अटल टनल का दौरा करेंगी और वहां अधिकारियों से जानकारी लेंगी। 30 अप्रैल को वह पालमपुर स्थित हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और इसके बाद आर्मी ट्रेनिंग कमांड का दौरा करेंगी। 1 मई को मशोबरा में ‘एट होम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दौरे के अंतिम दिन 2 मई को राष्ट्रपति चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगी और वहां से दिल्ली लौटेंगी। जिला पुलिस का कहना है कि पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और आम लोगों के सहयोग से ही यह व्यवस्था सफल हो सकेगी।