राजस्थान में फिर बढ़ी गर्मी की तपिश, श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म

Spread the love

जयपुर, 08 जून । राजस्थान में एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तेज गर्मी और उमस के कारण आमजन बेहाल नजर आया। दिन के समय लोग और पशु-पक्षी छांव की तलाश करते दिखाई दिए। सोमवार को प्रदेश के 17 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि जोधपुर में न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। फलौदी, बीकानेर और जैसलमेर सहित चार शहरों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी दो से तीन दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। सीमावर्ती क्षेत्रों में 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच सकता है तथा कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति बनने के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। अजमेर जिले के पुष्कर में सर्वाधिक 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस अजमेर में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं मेघगर्जन और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना है। हालांकि 11 जून से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में पुनः आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।

राजधानी जयपुर में भी तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर बाद सड़कों पर आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। हालांकि रविवार रात शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।