छपरा जंक्शन पर करीब 35 हजार की विदेशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

सारण, 08 जून । वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के दिशा-निर्देशन में रेल सुरक्षा बल ने शराब तस्करी के खिलाफ एक सफलता हासिल की है। आज छपरा जंक्शन पर टास्क टीम, सीआईबी और रेसुब पोस्ट छपरा द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान गाड़ी संख्या 12562 के आगमन पर एक संदिग्ध युवक भारी सामान के साथ उतरता दिखाई दिया। संदेह के आधार पर जब टीम ने उसे रोका और उसके पिट्ठू बैग व थैले की तलाशी ली, तो उसमें से विभिन्न ब्रांडों की करीब 25 लीटर विदेशी अंग्रेजी शराब और बियर बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 35,000 रुपए आंकी गई है।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान वैशाली जिला निवासी पप्पू कुमार के रूप में हुई है। रेल थाना छपरा ने अभियुक्त के खिलाफ कांड पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस इस अभियान को पूर्ण करने वाले टीम में उप निरीक्षक विशाल, कांस्टेबल संजय यादव, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार शाह और मुकेश कुमार सिंह सहित अन्य शामिल रहे।