रंगोली में सजी वंदे भारत एक्सप्रेस, विकसित भारत की दिखी जीवंत झलक

Spread the love

बलरामपुर, 06 अक्टूबर ।सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘राष्ट्र सेवा के रंग’ कार्यक्रम में आज मंगलवार को शासकीय कन्या महाविद्यालय बलरामपुर के परिसर में जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विशाल रंगोली में वंदे भारत एक्सप्रेस का आकर्षक चित्रण कर प्रगति पथ पर आगे बढ़ते भारत की तस्वीर प्रस्तुत की।

रंगोली में विकसित भारत की परिकल्पना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, संकल्प एवं समर्पण को प्रमुखता से दर्शाया गया। रंगोली तैयार करने में स्थानीय प्राकृतिक उत्पादों, अनाज, फल-फूल और प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया गया। छत्तीसगढ़ की ‘धान का कटोरा’ पहचान को उभारने के लिए रंगे हुए धान का भी विशेष प्रयोग किया गया।

आयोजन में शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर, कन्या महाविद्यालय बलरामपुर और नवीन महाविद्यालय रानहत के विद्यार्थियों के साथ युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने स्वयंसेवक के रूप में भाग लिया।

जिला मुख्यालय के साथ जिले के सभी विकासखंडों में भी रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रामचन्द्रपुर में शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामानुजगंज परिसर में रामानुजगंज, सनावल और रामचन्द्रपुर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगोली बनाई। वाड्रफनगर में शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय, राजपुर में शासकीय महाविद्यालय परिसर, कुसमी में कृषि मंडी परिसर और शंकरगढ़ स्टेडियम में स्थानीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से विकसित भारत का संदेश दिया।

आयोजन में उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सहभागिता रही। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। युवाओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक समूहों की भागीदारी से कार्यक्रम जनभागीदारी का रूप लेता नजर आया।