मुंबई, 06 अक्टूबर । यामी गौतम की आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ दशहरे के मौके पर दर्शकों के बीच दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा चुका है, जिसमें यामी एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आई थीं। अब निर्माताओं ने फिल्म का नया गाना ‘फटा पटाखा’ जारी कर दिया है। ऊर्जा से भरपूर इस गाने में यामी जॉम्बीज के साथ डांस करती नजर आ रही हैं।
‘फटा पटाखा’ में एक अनोखी जॉम्बी दुनिया दिखाई गई है, जहां यामी का डांस और गाने की तेज धुन माहौल को खास बना देती है। इस गाने को मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है, जबकि संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। इसके बोल वायु ने लिखे हैं। गाने में यामी का अलग लुक और उनका जोशीला अंदाज फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाता है।
जी म्यूजिक कंपनी की ओर से अमेजन, एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो के सहयोग से प्रस्तुत ‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म में कॉमेडी, रहस्य और रोमांच का मिश्रण देखने को मिलेगा। ट्रेलर और नए गाने के बाद अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार है। ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।