संस्कृत सप्ताह को हर विद्यालय में मनाने की मांग, संस्कृत शिक्षक परिषद ने शिक्षा अधिकारियों से की भेंट

Spread the love

नाहन, 22 अगस्त । राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद जिला सिरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला के शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर संस्कृत शिक्षा से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।प्रतिनिधिमंडल ने उप शिक्षा निदेशक उच्च डॉ. मदन लाल तथा उप शिक्षा निदेशक प्रारंभिक राजीव ठाकुरसे मुलाकात की।

परिषद ने अधिकारियों से आग्रह किया कि 25 अगस्त से 31 अगस्त तक आयोजित होने वाले संस्कृत सप्ताह को जिला सिरमौर के प्रत्येक विद्यालय में प्रभावी और उत्साहपूर्वक मनाया जाए। परिषद ने कहा कि संस्कृत केवल एक विषय नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ज्ञान-परंपरा, संस्कृति, साहित्य और संस्कारों की आधारभूत भाषा है। विद्यालय स्तर पर संस्कृत सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों में इस भाषा के प्रति रुचि और गौरव की भावना विकसित की जा सकती है। परिषद ने सभी विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने की मांग की।

दूसरे मुद्दे के तहत परिषद ने जिला में कार्यरत शास्त्री वर्ग से संबंधित लंबित प्रकरणों को प्रमुखता से उठाया। परिषद ने निवेदन किया कि जिन शास्त्री साथियों के मामले लंबे समय से न्यायालय और विभागीय स्तर पर लंबित हैं, उनका नियमानुसार शीघ्र निपटारा किया जाए ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

आचार्य देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि परिषद का उद्देश्य संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ शास्त्री वर्ग से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाना है। संस्कृत सप्ताह को औपचारिकता न बनाकर विद्यार्थियों को संस्कृत की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने का माध्यम बनाना चाहिए।