दिल्ली में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: हर्ष मल्होत्रा

Spread the love

नई दिल्ली, 29 अगस्त । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दिल्ली सरकार और दिल्ली भाजपा संयुक्त रूप से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगी। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर को रक्तदान शिविर से होगी। अभियान की प्रमुख तिथियों में 17 सितम्बर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर शामिल हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में शनिवार को प्रदेश भाजपा की बैठक में अभियान की घोषणा की गई। बैठक को राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम देश के सर्वोत्तम कार्यक्रमों में शामिल होने चाहिए।

हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के राष्ट्रीय स्तर के पर्यवेक्षक कुलजीत सिंह चहल होंगे, जबकि दिल्ली सरकार की ओर से नोडल मंत्री कपिल मिश्रा होंगे। प्रदेश भाजपा की ओर से गठित समिति की संयोजक महामंत्री योगिता सिंह को बनाया गया है। समिति में राजा इकबाल सिंह, ऋचा पांडेय, मनोज कुमार, दिव्या जायसवाल, रजत टंडन और अभिषेक टंडन को सदस्य बनाया गया है।

भाजपा नेताओं ने बताया कि एक माह चलने वाले इस अभियान में अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कुछ कार्यक्रम दिल्ली सरकार के स्तर पर, कुछ प्रदेश भाजपा संगठन के स्तर पर तथा कुछ कार्यक्रम दिल्ली सरकार और भाजपा संगठन के संयुक्त प्रयास से होंगे। इन कार्यक्रमों में दिल्ली सरकार के मंत्री, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता भाग लेंगे।

अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, उपलब्धि स्थलों पर प्रकाश, सरकार की उपलब्धियों एवं विकसित भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी यात्रा तथा राष्ट्रीय युवा पहल चुनौती सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश और स्वदेश सिंह, राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक शिवानंद द्विवेदी, दिल्ली भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, योगिता सिंह और मोहनलाल गिहारा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, डॉ. पंकज सिंह, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, मुख्य सचेतक अभय वर्मा, महापौर प्रवेश वाही, सांसद मनोज तिवारी, विधायक, वरिष्ठ निगम नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं प्रदेश भाजपा के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।