सूरजपुर, 25 अप्रैल । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने सूरजपुर के एक युवक की जिंदगी बदल दी। सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर दितेश रॉय ने न केवल बिजली बिल से छुटकारा पाया, बल्कि उपभोक्ता से उत्पादक बनकर आर्थिक राहत का नया रास्ता भी खोल लिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सूरजपुर जिले के गणेशपुर निवासी दितेश रॉय ने 3 केवीए का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर एक नई मिसाल पेश की है। अब वे केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक बन गए हैं।
दितेश रॉय ने बताया कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 2,000 से 2,500 रुपये तक आता था, लेकिन सितंबर माह में सोलर सिस्टम लगने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे उन्हें हर महीने बड़ी आर्थिक राहत मिल रही है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में मिली। इस डबल सब्सिडी के कारण सोलर सिस्टम लगाना काफी किफायती साबित हुआ।
बैंक से आसान फाइनेंस सुविधा मिलने से भी प्रक्रिया तेज हुई। उन्होंने राज्य ग्रामीण बैंक से ऋण लेकर मात्र 5 दिनों के भीतर सोलर सिस्टम स्थापित कर लिया। उनका कहना है कि करीब दो वर्षों में यह निवेश पूरी तरह वसूल हो जाएगा और इसके बाद लंबे समय तक मुफ्त बिजली मिलती रहेगी।
सोशल मीडिया क्रिएटर होने के कारण उनके यहां बिजली की खपत अधिक थी। वीडियो एडिटिंग के लिए एसी और कूलर जैसे उपकरणों का लगातार उपयोग होता था, जिससे बिजली बिल बढ़ता जा रहा था। सोलर सिस्टम लगने के बाद अब यह चिंता पूरी तरह खत्म हो गई है।
दितेश रॉय ने कहा कि आज के समय में लोग सिर्फ बिजली उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि उत्पादक भी बन सकते हैं। सौर ऊर्जा के उपयोग से न केवल खर्च कम होता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है।
उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए जिलेवासियों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।