शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

Spread the love

नई दिल्ली, 29 अप्रैल । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक लिवालों और बिकवालों के बीच मामूली खींचतान भी हुई, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली उतार-चढ़ाव भी होता रहा। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की मजबूती लगातार बढ़ने लगी। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से मारुति सुजुकी, आईटीसी, आयशर मोटर्स, मैक्स हेल्थकेयर और टेक महिंद्रा के शेयर 4.14 प्रतिशत से लेकर 1.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, जेएसडब्ल्यू स्टील, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 1.89 प्रतिशत से लेकर 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,617 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,942 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 675 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 358.92 अंक की मजबूती के साथ 77,245.83 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद कुछ देर तक इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक 77,136.20 के स्तर तक भी आया, लेकिन लाल निशान तक पहुंचने के पहले ही खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया। पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही लिवाली का जोर बन जाने से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 583.26 अंक की बढ़त के साथ 77,470.17 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी में आज 101.20 अंक की छलांग लगा कर 24,096.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 24,059.95 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में दोबारा तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 181.55 अंक की मजबूती के साथ 24,177.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 416.72 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,886.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 97 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,995.70 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।