शिमला समर फेस्टिवल में शबाब साबरी से लेकर जस्सी गिल तक बिखेरेंगे रंग, 8 जून से शुरू होगा पांच दिवसीय आयोजन

Spread the love

शिमला, 04 जून । राजधानी शिमला में 8 से 12 जून तक आयोजित होने वाला अंतर्राष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और कई आकर्षक आयोजनों के साथ लोगों का मनोरंजन करेगा। राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता महोत्सव का उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी शिमला ग्रीष्मोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी की गई है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा स्थानीय संस्कृति, कला और लोक परंपराओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा।

महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड पार्श्व गायक शबाब साबरी प्रस्तुति देंगे।

दूसरी संध्या में गायिका ज्योतिका टांगरी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। तीसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचल के प्रसिद्ध लोक गायक और ‘नाटी किंग’ के नाम से पहचान रखने वाले कुलदीप शर्मा के नाम रहेगी। चौथी शाम पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जबकि अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार जस्सी गिल और बब्बल राय मंच संभालेंगे।

महोत्सव के दौरान विभिन्न दिनों में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। 9 जून को शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा, 10 जून को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और 11 जून को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सांस्कृतिक संध्याओं में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा इस बार ग्रीष्मोत्सव में कई अन्य आकर्षण भी रखे गए हैं। तिब्बत प्रदर्शन कला संस्थान और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकार विशेष प्रस्तुतियां देंगे।

इसके साथ ही आर्ट फेस्टिवल, हेल्दी बेबी शो, माई चैंपियन डॉग शो, श्यामला मंथन, श्यामला मुशायरा और श्यामला कवि गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा।

युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए एंटी-चिट्टा अंडर-21 जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, लाइव बैंड शो, वॉयस ऑफ माउंटेन, फैशन शो, मलखंभ और जुम्बा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं हिमाचली संस्कृति की झलक महा नाटी और छम्म नृत्य के माध्यम से देखने को मिलेगी।

इसके अलावा शिमला स्वाद महोत्सव, हॉट एयर बैलून शो, हेलीकॉप्टर जॉय राइड, शिमला ग्रीष्मोत्सव फिल्म फेस्टिवल, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान और श्यामला रंग मंच उत्सव भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेंगे।