नई दिल्ली, 05 सितम्बर । शिक्षक दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नेताओं ने महान दार्शनिक, शिक्षक और पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन भी अर्पित किए।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशभर के शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान और मूल्यों के जरिए देश के भविष्य को आकार देते हैं और विकसित भारत की नींव रखते हैं। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन ज्ञान और शिक्षा के उच्चतम आदर्शों का प्रतीक था। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण को नमन करते हुए उनके निरंतर सफलता की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि शिक्षक समाज के उन शिल्पकारों में शामिल हैं, जो अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से आने वाली पीढ़ियों का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र की प्रगति केवल उसकी आर्थिक शक्ति और संसाधनों से तय नहीं होती, बल्कि नागरिकों की शिक्षा, सोच, चरित्र और जिम्मेदारी की भावना भी महत्वपूर्ण होती है। व्यक्तित्व निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक इन मूल्यों को आकार देने में शिक्षक की भूमिका सबसे अहम है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश और समाज के निर्माण में शिक्षकों की अग्रणी भूमिका रही है। उन्होंने शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को नमन किया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी अमूल्य विरासत ज्ञान-समृद्ध भारत के निर्माण के लिए देश को लगातार प्रेरणा देती रहेगी।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देश की हर सफलता के पीछे किसी न किसी शिक्षक का योगदान होता है। शिक्षक ही विद्यार्थियों के मन में सवाल पैदा करते हैं, विचारों को दिशा देते हैं और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का हौसला देते हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लाेकसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि शिक्षक सोच को आकार देते हैं, मूल्यों को बढ़ावा देते हैं और देश के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षक ज्ञान का मार्ग रोशन करते हैं, युवा मनों को प्रेरित करते हैं और जिम्मेदार नागरिक बनाने वाले मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि यही मूल्य एक मजबूत और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव रखते हैं।
वहीं, केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरु के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गुरु से बड़ा दूसरा कोई भगवान नहीं होता। उन्होंने कहा कि गुरु कच्ची मिट्टी को आकार देकर उसमें प्राण फूंकने का काम करते हैं। उन्होंने सभी के जीवन में गुरुजनों का आशीर्वाद सदैव बने रहने की कामना की।————–