प्रयागराज, 05 सितंबर । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर फिलहाल सुरक्षित स्थिति में है। शनिवार सुबह 8 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दोनों नदियों के जलस्तर में पिछले 24 घंटे के दौरान गिरावट दर्ज की गई है। जिले में कहीं भी वर्षा नहीं हुई है और सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यमुना नदी का जलस्तर नैनी में 82.06 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 42 सेंटीमीटर कम है। वहीं, गंगा नदी का जलस्तर फाफामऊ में 82.72 मीटर, छतनाग में 81.59 मीटर तथा एसटीपी बक्सी बांध पर 82.14 मीटर दर्ज किया गया। इन स्थानों पर भी पिछले 24 घंटे में क्रमशः 30, 47 और 44 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई है।
जलस्तर में लगातार कमी और वर्षा नहीं होने से बाढ़ की स्थिति को लेकर फिलहाल राहत है। जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण तंत्र नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के प्रभारी निखिल प्रसाद ने बताया कि जिले में गंगा और यमुना का जलस्तर सुरक्षित स्थिति में है। पिछले 24 घंटे में दोनों नदियों के जलस्तर में कमी दर्ज की गई है। सभी तटबंध सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान में किसी प्रकार की चिंता की स्थिति
नहीं है।