ऊना, 26 सितंबर । पूबोवाल में सफाईकर्मी पर हमला कर फरार हुए दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने पर हरोली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप कुमार को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने शनिवार को त्वरित कार्रवाई और उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए इंस्पेक्टर अनूप कुमार को प्रशंसा पत्र प्रदान किया।
बता दें कि 23 अगस्त 2026 को पूबोवाल के तालाब में सफाईकर्मी के साथ मारपीट की घटना सामने आने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। पुलिस की तत्परता के चलते दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर पंजाब से गिरफ्तार कर लिया था। इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस विभाग ने गंभीर मामलों में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई का उदाहरण माना। इसी कार्य के लिए एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने इंस्पेक्टर अनूप कुमार को प्रशंसा पत्र देकर उनकी कार्यकुशलता की सराहना की।
इस बारे में एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने कहा कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना के साथ किए जा रहे कार्यों से आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने इंस्पेक्टर अनूप कुमार और उनकी टीम को भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।