उत्कल समाज के मार्गदर्शन में परंपरानुसार संपन्न हुआ रियासत कालीन भैरम जात्रा

Spread the love

जगदलपुर, 19 अगस्त । बस्तर जिला मुख्यालय के पंचपथ ब्राह्मण पारा स्थित रियासत कालीन भैरम मंदिर में आज बुधवार काे उत्कल समाज बस्तर संभाग द्वारा वार्षिक भैरम जात्रा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्कल समाज के अध्यक्ष राजेश दास ने बताया कि आज प्रातः से तीन पंडितों रमेश नंद, आचार्य रोमित राज त्रिपाठी, विरेन्द्र महापात्र द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस धार्मिक आयोजन में उत्कल समाज के सदस्याे सहित बड़ी संख्या में अन्य समाजों के लोगों ने भी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर जगदलपुर महापौर संजय पांडे, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ,सुकमा जमींदार परिवार के सदस्य कुमार जयदेव भी उपस्थित रहे।

सुकमा जमींदार परिवार के सदस्य कुमार जयदेव ने धार्मिक अनुष्ठान में समाज द्वारा उन्हें आमंत्रित किए जाने पर कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर उत्कल समाज द्वारा आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पूजा-अर्चना के साथ हवन में भी सहभागिता की और इसके लिए समाज के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

उत्कल समाज के वरिष्ठ सदस्य श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि यह मंदिर रियासत कालीन और अत्यंत प्राचीन है। वर्ष 1936 में महाराज दलपत देव द्वारा मंदिर का निर्माण कराया गया था। तब से उत्कल समाज द्वारा मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना उत्कल समाज के लोगों द्वारा विधि-विधान से की जाती है। दशकों से चली आ रही भैरम जात्रा की परंपरा में न बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। आयोजन में विभिन्न समाजों की सहभागिता धार्मिक सौहार्द, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देती है।