बलरामपुर, 13 मई । ग्राम सरगांव की रहने वाली चंद्रमणि के जीवन में पति के निधन के बाद कठिन दौर आ गया था। परिवार की जिम्मेदारी, बच्चों की परवरिश और आर्थिक संकट ने उन्हें पूरी तरह झकझोर दिया, लेकिन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं ने उनके जीवन में फिर से उम्मीद जगाई।
चंद्रमणि बताती हैं कि पति के निधन के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। ऐसे मुश्किल समय में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता राशि ने उन्हें दैनिक जरूरतें पूरी करने में सहारा दिया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान स्वीकृत हुआ है, जिसका निर्माण कार्य जारी है। चंद्रमणि कहती हैं कि अब उन्हें भरोसा है कि जल्द ही उनका परिवार सुरक्षित पक्के घर में रहेगा।
इसके अलावा आयुष्मान कार्ड के जरिए उन्होंने निःशुल्क इलाज का लाभ लिया, जबकि राशन कार्ड से नियमित खाद्यान्न मिलने से परिवार चलाने में काफी राहत मिली।
भावुक होते हुए चंद्रमणि ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में शासन की योजनाओं ने उन्हें हिम्मत और आत्मविश्वास दिया। अब वे अपने बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए पूरी मेहनत कर रही हैं।
उन्होंने शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं की मदद से उनके परिवार को नया सहारा और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद मिली है।