किशनगंज में LPG आपूर्ति सामान्य, 7 हजार से अधिक सिलेंडर स्टॉक

Spread the love

किशनगंज, 28 अप्रैल । जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू है। मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में 7061 से अधिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति पर कोई असर नहीं है।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गई है। उपभोक्ताओं को अब एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें पूर्व की भांति 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 जारी किया गया है। आज एलपीजी से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका त्वरित निष्पादन कर दिया गया।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, जिले में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।