आरआईई परिसर में 71 पक्षी प्रजातियों का अभिलेखन, वन्यजीव सप्ताह शुरू

Spread the love

अजमेर, 2 अक्टूबर । महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय (मदसविवि), अजमेर में गुरुवार से राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह शुरू हुआ। सप्ताह के पहले दिन विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय शिक्षण संस्थान (आरआईई), अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में आरआईई परिसर में बर्ड वॉक का आयोजन किया गया, जिसमें पक्षियों की 71 प्रजातियों का अभिलेखन किया गया।

विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान एवं प्राणीशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने विभाग के डॉ. विवेक शर्मा और डॉ. रौनक चौधरी के नेतृत्व में पक्षी अवलोकन गतिविधि में हिस्सा लिया। इस दौरान आरआईई परिसर में 71 प्रजातियों के पक्षियों की पहचान और अभिलेखन किया गया। आरआईई की डॉ. आरती शर्मा भी इस अवसर पर मौजूद रहीं।

मदसविवि के पर्यावरण विज्ञान एवं प्राणीशास्त्र विभाग की ओर से अजमेर वन विभाग और भारतीय वन्यजीव संस्थान के सहयोग से 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें क्विज, वन्यजीव फोटोग्राफी और आशु भाषण प्रतियोगिताओं के अलावा विश्वविद्यालय परिसर में कैंपस बर्ड काउंट भी शामिल है।

पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सुब्रोतो दत्ता ने बताया कि कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना तथा नागरिक विज्ञान को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि नागरिक विज्ञान के माध्यम से आम लोग पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के अवलोकन तथा जैव विविधता से जुड़े आंकड़ों के संकलन में योगदान दे सकते हैं। इससे संरक्षण संबंधी प्रयासों के लिए उपयोगी आंकड़े जुटाने में मदद मिलती है।