देहरादून, 2 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश का मतदाता राष्ट्रवादी सोच वाली भाजपा पर भरोसा जताएगा।
बांसुरीस्वराज भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा भी मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, चुनावी तैयारियों और आगामी रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पार्टी की सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी पार्टी को मिलने वाली सीटों में बढ़ोतरी या कमी किसी व्यक्ति विशेष के कारण नहीं होती, बल्कि यह मतदाताओं के निर्णय पर निर्भर करती है। उत्तराखंड को वीरभूमि और देवभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग सेना से जुड़े हैं और राष्ट्रवादी सोच के प्रति लोगों का जुड़ाव है।
बांसुरी स्वराज ने सवाल का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम हुआ है। यात्रा का समय लगभग छह घंटे से घटकर ढाई घंटे हो गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना में करीब 12 किलोमीटर लंबा वन्यजीव कॉरिडोर भी बनाया गया है। इससे विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव में कुछ विधायकों के प्रदर्शन और टिकट को लेकर बैठक में हुई चर्चा के सवाल पर स्वराज ने कहा कि संगठन और पार्टी के भीतर होने वाली चर्चाओं को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस संबंध में कोई जानकारी साझा करने से इनकार किया।
भाजपा की वरिष्ठ नेता बांसुरी स्वराज ने शुक्रवार को देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया और भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि टपकेश्वर महादेव मंदिर देहरादून की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा प्रमुख तीर्थस्थल है।
राजनीति में पद और प्रतिष्ठा की अपनी औपचारिकताएं हैं, लेकिन शुक्रवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्वागत के दौरान उत्तराखंड की संस्कृति और आत्मीयता की झलक भी देखने को मिली। भाजपा की सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज के स्वागत में पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं महिलाओं ने तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के जवाब में बांसुरी स्वराज ने भी महिलाओं पर पुष्पवर्षा की और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसी दौरान एक महिला जब उनके पैर छूने के लिए आगे बढ़ीं तो स्वराज ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। स्वागत के इस सहज आदान-प्रदान में आपसी सम्मान का भाव नजर आया। भाजपा कार्यालय में हुए इस स्वागत कार्यक्रम में उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा और रीति-रिवाजों को भी स्थान दिया गया। स्वराज ने प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। राजनीतिक गतिविधियों के बीच स्वागत का यह दृश्य सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी सम्मान के भाव को सामने लाता नजर आया।