रायगढ़, 22 अप्रैल । नगर निगम के वार्ड क्रमांक 31 की महिला पार्षद त्रिनिशा चौहान और उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की गई है। कार्रवाई से असंतुष्ट महापाैर सहित भाजपा पार्षदों ने आज बुधवार को धरना प्रदर्शन किया है।
महिला पार्षद देर रात शादी समारोह से वापस लौट रही थी, इस दौरान साइड देने की बात को लेकर कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया की मारपीट तक की स्थिति निर्मित हो गई। मामले में महिला पार्षद ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला इतने में ही शांत नहीं हुआ। बुधवार को मामले में आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महापौर जीवर्धन चौहान सभापति डिग्री लाल साहू सहित भाजपा पार्षदों ने सिटी कोतवाली के सामने धरना दे दिया ।
इस सबंध में मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 31 की महिला पार्षद त्रिनिशा चौहान मंगलवार रात अपने परिवार वालों के साथ शादी पार्टी में गई थी l पार्टी से वापस आने के दौरान समलेश्वरी मंदिर रोड पर धुमाल पार्टी का वाहन सड़क पर बेतरतिब खड़ा था जिसे हटाने की बात को लेकर विवाद होने पर धुमाल पार्टी के कार्यकर्ता व उनके अन्य साथियों ने पार्षद के परिवार वालों के साथ मारपीट शुरू कर दी थी l इस घटना को लेकर रात में ही पार्षद द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी l वहीं पुलिस ने पार्षद की रिपोर्ट पर कुछ युवकों को गिरफ्तार किया गया था l वहीं सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने तथा मामूली मारपीट की धारा के तहत जुर्म दर्ज किये जाने से असंतुष्ट होकर महापौर जीवर्धन चौहान, निगम सभापति डिग्रीलाल साहू सहित सभी भाजपा पार्षद नगर निगम से पैदल मार्च करते हुए कोतवाली पंहुचे जहां कार्रवाई की मांग को लेकर वे धरने पर बैठ गये थे l
काफी देर तक कोई पुलिस अधिकारी जब उनसे मिलने नहीं पंहुचा तो पार्षदो के सब्र का बांध टूट गया औऱ उन्होंने थाने में घुस कर नारेबाजी करनी शुरू कर दी l उनका यह भी आरोप था कि कांग्रेस के दबाव पर आरोपितों को बचाया जा रहा है l मामले को लेकर देर तक सिटी कोतवाली के बाहर हंगामें की स्थिति रही। वहीं पार्षदो द्वारा प्रदर्शन किये जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी मौके पर पंहुचे औऱ उनसे चर्चा करते हुए बताया कि कार्रवाई जारी है औऱ सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है तब कहीं जा कर बवाल शांत हुआ l
इस संबध में महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि जब एक महिला जन प्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी सुरक्षित कैसे रहेगा। मामले में महिला पार्षद की शिकायत के बाद भी अब तक मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है आरोपी खुले में घूम रहे हैं। मामले में पुलिस ने अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी कर खाना पूर्ति की है।