धमतरी, 22 अप्रैल । धमतरी जिले के नगरी ब्लाक में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार देर रात महानदी से रेत का अवैध परिवहन करते हुए पांच ट्रैक्टरों को पकड़ा गया, जिससे रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया।
तहसीलदार अखिलेश बेलरगांव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पकड़े गए ट्रैक्टरों को सिहावा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए खनिज विभाग को सौंप दिया गया है। कार्रवाई के दौरान तीन ट्रैक्टरों में रेत भरी हुई मिली, जबकि दो ट्रैक्टर रेत भरने की तैयारी में थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। तहसीलदार ने बताया कि महानदी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।