बच्चों के बीच कलेक्टर का सहज अंदाज, चॉकलेट बांटी और सुनी नन्हे-मुन्नों की बातें

Spread the love

सूरजपुर, 25 अगस्त ।भैयाथान विकासखंड के ग्राम पंचायत तरका स्थित नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र तरका-ब में आज मंगलवार को कलेक्टर रेना जमील का बच्चों के साथ सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बच्चों के बीच दर्री पर बैठीं, उनसे बातचीत की और अपने हाथों से चॉकलेट बांटी। कलेक्टर के इस अपनत्व भरे व्यवहार से बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए।

कलेक्टर के आग्रह पर बच्चों ने हिंदी और अंग्रेजी वर्णमाला सुनाई। बच्चों ने बिना झिझक आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति दी, जिसे देखकर कलेक्टर सहित मौजूद अधिकारियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद और आंगनबाड़ी केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली और उनकी बातें ध्यानपूर्वक सुनीं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक बच्चे का वजन कराकर उसके पोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने पोषण ट्रैकर एप का अवलोकन करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को रोचक और सहज बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को ऐसा वातावरण मिले, जहां वे खेल और गतिविधियों के माध्यम से आसानी से सीख सकें। उन्होंने पोषण से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रभावी तरीके से संचालित करने और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

कलेक्टर से बातचीत के बाद बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने कलेक्टर से दोबारा आंगनबाड़ी केंद्र आने का आग्रह भी किया। बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से प्रसन्न होकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेन्द्र सिंह पाटले ने सभी बच्चों को सामूहिक रूप से पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।