जयपुर, 19 जून । राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर संविदा नर्स दीपक खारवाल को सेवा से हटाए जाने के विरोध और उनके परिजनों को मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर नर्सिंगकर्मियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरना सातवें दिन भी जारी रहा, वहीं जयपुरिया चिकित्सालय में नर्सेज ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
संघर्षरत नर्सेज की मांग है कि दीपक खारवाल की पत्नी एवं बच्चों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दी जाए तथा प्रदेशभर के विभिन्न अस्पतालों में वर्षों से कार्यरत उन संविदा नर्सिंगकर्मियों को पुनः सेवा में लिया जाए, जिन्हें हाल ही में हटाया गया है।
आंदोलन को कर्मचारी महासंघ एकीकृत के प्रदेश प्रमुख महेंद्र सिंह चौधरी तथा राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के प्रशासनिक प्रदेश अध्यक्ष सियाराम शर्मा ने समर्थन दिया। दोनों नेताओं ने धरनास्थल पहुंचकर मुख्यमंत्री से नर्सेज की मांगों का समाधान करने की अपील की। धरने से पूर्व जयपुरिया चिकित्सालय में संयोजक महेंद्र शर्मा, पवन बेनीवाल, ममता शर्मा और मुरारीलाल मीणा के नेतृत्व में नियमित और संविदा नर्सेज ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया।
संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक राजेंद्र राणा, पवन मीणा, पुरुषोत्तम कुम्भज, जे.पी. कसवां, भूदेव धाकड़, जितेंद्र कटारा, बी.पी. सिंह और के.के. यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की संवेदनहीनता के कारण आंदोलन प्रदेशभर में फैलता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी चरण में नर्सेज शोक दिवस मनाते हुए सामूहिक अवकाश पर जाएंगे।