आज बैंक खुलेंगे, ग्राहकों को जरूरी लेनदेन पूरा करने की सलाह

Spread the love

नई दिल्ली, 27 सितंबर । सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र और पुराने निजी बैंकों को रविवार को शाखाएं खोलने का निर्देश दिया है, ताकि जरूरी लेनदेन सबसे पहले किए जा सकें। सरकार ने बैंक ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग लेनदेन हड़ताल से पहले पूरा करने की सलाह दी है।

बैंक कर्मचारी संघों ने 28 सितंबर से तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल से बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।

यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के अनुसार, संगठन देश के करीब 90 प्रतिशत बैंक कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।

संगठन पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने, पेंशन सुधार और अन्य कर्मचारी कल्याण संबंधी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों को महत्वपूर्ण काम पहले निपटाने और योनो, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम तथा कैश डिपाजिट मशीनों जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

बैंक आफ इंडिया ने भी ग्राहकों को डिजिटल सेवाओं और 24 घंटे उपलब्ध प्लेटफार्म का उपयोग करने को कहा है। आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक जैसे नए निजी बैंक सामान्य रूप से काम कर सकते हैं। वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारी संगठनों से बातचीत के जरिए लंबित मुद्दे सुलझाने की अपील की है।