हिमाचल में यूरिया के साथ जबरदस्ती नहीं दी जाएगी नैनो यूरिया : कृषि मंत्री

Spread the love

शिमला, 31 अगस्त । हिमाचल प्रदेश में अब किसानों को सामान्य यूरिया खाद के साथ नैनो यूरिया प्लस जबरदस्ती नहीं दी जाएगी। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने सोमवार को विधानसभा में नियम 62 के तहत कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया की ओर से लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में अधिकारियों को किसानों को जबरदस्ती नैनो यूरिया प्लस नहीं देने के निर्देश दिए हैं।

भवानी सिंह पठानिया ने डिपो होल्डर्स की ओर से किसानों को सामान्य यूरिया के बैग के साथ नैनो यूरिया प्लस खरीदने के लिए मजबूर किए जाने का मामला सदन में उठाया था।

कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से ऐसे कोई निर्देश नहीं हैं कि किसानों को यूरिया के साथ नैनो यूरिया भी जबरदस्ती खरीदनी पड़े। उन्होंने कहा कि इफ्को की ओर से भी इस संबंध में पत्र दिया गया है, जिसमें किसानों को जबरदस्ती नैनो यूरिया नहीं देने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर हिमफैड को भी निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

भवानी सिंह पठानिया ने सदन में कहा कि सहकारी समितियों से यूरिया लेने पर किसानों को नैनो यूरिया की बोतल भी लेनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यूरिया का एक कट्टा 270 रुपये का है, जबकि 225 रुपये की नैनो यूरिया की बोतल किसानों को जबरदस्ती दी जाती है। उन्होंने कहा कि यह किसानों के किसी काम की नहीं है।

पठानिया ने इस मामले की जांच के लिए सदन की कमेटी गठित किए जाने की मांग भी की।

जवाब देते समय कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने नैनो यूरिया को लेकर प्रधानमंत्री की ओर से दिए गए विज्ञापन का भी जिक्र किया। इस पर विपक्ष ने विरोध जताया। इस दौरान सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक भी हुई।