नेट में विद्यार्थियों की सफलता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण: ललित कुमार अवस्थी

Spread the love

मंडी, 31 अगस्त । सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभाग के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर विश्वविद्यालय एवं इतिहास विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में इतिहास विभाग के रवींद्र कुमार (सत्र 2023-25), नेहा, गौरव और विक्रांत ने नेट व आकृति,अनन्या व दीपक दीपांशु ने पी एच डी (सत्र 2024-26) के लिए नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा, लगन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिचय दिया है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में विद्यार्थियों की सफलता विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षा में विद्यार्थियों की सफलता विभाग की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था, शोधपरक वातावरण और विद्यार्थियों को मिल रहे निरंतर मार्गदर्शन को भी रेखांकित करती है। विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम के साथ-साथ विभाग में उपलब्ध शैक्षणिक एवं शोधपरक वातावरण का परिणाम है।

उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नेट और जेआरएफ जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि इतिहास विभाग विद्यार्थियों में विषय की गहन समझ विकसित करने के साथ-साथ उन्हें शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, विभागाध्यक्ष एवं विभाग के शिक्षकों को दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्राप्त शैक्षणिक मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की तैयारी में विशेष रूप से सहायता प्रदान की।