पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां के घर से ढाई लाख के जेवरात चोरी, दो लोग हिरासत में

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 22 जून । पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां के भुईयांडीह स्थित आवास से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने और रत्नजड़ित आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।

दुलाल भुईयां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि रविवार की सुबह वह प्रतिदिन की तरह स्नान करने से पहले अपने सोने की अंगूठियां, रत्नजड़ित लॉकेट, चांदी की अंगूठी सहित अन्य आभूषण एक छोटे बैग में रखकर कमरे में छोड़ गए थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने भी अपनी सोने की अंगूठी उसी बैग में रख दी और स्नान करने चली गईं।

इसी दौरान घर में साफ-सफाई का काम करने वाला रामू कुमार राम कमरे में पहुंचा। बताया जाता है कि भुईयाडीह छायानगर निवासी रंजनी मलिक ने बिहार के सासाराम निवासी रामू कुमार राम को दुलाल भुईयां के घर में काम दिलवाया था। रामू रंजनी मलिक के घर पर रहकर पूर्व मंत्री के आवास में साफ-सफाई का कार्य करता था।

दुलाल भुईयां के अनुसार, पूजा-पाठ के बाद जब वे अपने कमरे में लौटे तो आभूषणों से भरा बैग गायब था। परिवार के सदस्यों ने पूरे घर में खोजबीन की, लेकिन बैग और जेवरात का कोई पता नहीं चला। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

घटना के बाद रविवार को रामू कुमार राम को बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने बीमारी का हवाला देकर आने से इनकार कर दिया। इससे उस पर संदेह और गहरा गया।

सोमवार को थाना में शिकायत दर्ज कराने के बाद दुलाल भुईयां ने रामू कुमार राम और रंजनी मलिक दोनों को अपने आवास पर बुलाया। वहां उनसे काफी देर तक पूछताछ की गई, लेकिन दोनों ने किसी भी प्रकार की चोरी में शामिल होने से इनकार किया।

इसी बीच सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए रामू कुमार राम और रंजनी मलिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाना चली गई। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और चोरी गए जेवरात की बरामदगी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।