मिशन मुस्कान के तहत 53 गुम मोबाइल बरामद, एसपी ने वास्तविक धारकों को लौटाए

Spread the love

खूंटी, 25 अगस्त । खूंटी पुलिस ने मिशन मुस्कान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए 53 मोबाइल फोन बरामद कर मंगलवार को उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत लौटाया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर धारकों ने खुशी जताते हुए खूंटी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए सीईआईआर पोर्टल सहित अन्य तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया।

इसके परिणामस्वरूप विभिन्न मामलों में 53 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इससे पूर्व भी विगत 26 मई को बरामद हुए 57 मोबाइल फोन को उसके वास्तविक धारकों को लौटाया गया था।

मौके पर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को गुम या चोरी हुए मोबाइल से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा सीईआईआर पोर्टल का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए मोबाइल से संबंधित आवश्यक विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि तकनीकी माध्यमों से जल्द कार्रवाई की जा सके। साथ ही थाना स्तर पर सीईआईआर पोर्टल के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।