खूंटी, 14 अक्टूबर । दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नगर भवन में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया।
उपायुक्त मो जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। विसर्जन जुलूस में डीजे के स्थान पर पारंपरिक ढोल-नगाड़े और ताशा का उपयोग करने की अपील की गई। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन यंत्र लगाने, प्लास्टिक का उपयोग रोकने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने नगर पंचायत को पर्व के दौरान स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, डस्टबिन और जरूरत के अनुसार पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को बिजली के तारों की मरम्मत कर सुरक्षित और निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, जुलूस मार्ग, ट्रैफिक प्रबंधन, नो-एंट्री, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और यातायात सुचारू बना रहे।
उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार सामग्री को बिना सत्यापन साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक कर निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने पूजा समितियों और नागरिकों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने आपात स्थिति में सहायता के लिए 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी।