सुपौल, 25 जुलाई । जिले में शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वीरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर वीरपुर थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर पंचायत के वार्ड संख्या-07 स्थित हिंगडोलवा गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 117 लीटर नेपाली देशी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब कारोबारी मौके से फरार हो गया।
वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि फरार शराब कारोबारी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।